सरस्वती नगर फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार कार का कहर, कई लोगों को मारी टक्कर; महिला चालक से पूछताछ

सरस्वती नगर फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार कार का कहर, कई लोगों को मारी टक्कर; महिला चालक से पूछताछ

रायपुर। राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र स्थित फ्लाईओवर पर शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने कई लोगों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। कार एक महिला चला रही थी। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार ने फ्लाईओवर पर चल रहे दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कई लोग घायल हो गए।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। इसके साथ ही पुलिस को भी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सरस्वती नगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके।

फिलहाल घायलों की संख्या और उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।