रायपुर के इस कॉलोनी में पुलिस की दबिश से मचा हड़कंप,138 मकानों की जांच,मिली चोरी की बाइक

रायपुर के इस कॉलोनी में पुलिस की दबिश से मचा हड़कंप,138 मकानों की जांच,मिली चोरी की बाइक

रायपुर। राजधानी के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी इलाके में शनिवार तड़के पुलिस ने बड़ा सर्चिंग और जनजागरुकता अभियान चलाया। डीसीपी वेस्ट जोन के निर्देश पर दीनदयाल नगर, पुरानी बस्ती और आमानाका थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने ईडब्ल्यूएस और एलआईजी क्वार्टरों में सघन चेकिंग की। इस दौरान 138 मकानों की जांच की गई और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई।

अभियान के दौरान पुलिस ने 25 संदिग्ध मोटरसाइकिलों के नंबर नोट कर सत्यापन के लिए लिया है। वहीं एक बदमाश के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।

करीब 80 पुलिस जवानों की टीम ने कॉलोनी में घर-घर पहुंचकर किरायेदारों और मकान मालिकों से पूछताछ की। पुलिस ने मकान मालिकों को सख्त हिदायत दी कि वे किरायेदारों का पूरा विवरण और किरायानामा संबंधित थाने में जमा करें।

पुलिस अधिकारियों ने किरायेदारों को भी सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने की समझाइश दी। साथ ही लोगों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

यह अभियान डीसीपी वेस्ट जोन संदीप पटेल और अतिरिक्त डीसीपी राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में एसीपी पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर की अगुवाई में चलाया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी डी.डी. नगर गौतम चंद गावड़े, पुरानी बस्ती थाना प्रभारी विनय सिंह, आमानाका थाना प्रभारी सुधांशु बघेल समेत तीनों थानों का स्टाफ शामिल रहा।

पुलिस के मुताबिक, पूरा अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और इलाके में कानून व्यवस्था सामान्य रही।