भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के बस्तर जिला सह प्रभारी बने विनोद साहू, संगठन में सक्रियता और लंबे अनुभव का मिला सम्मान
15 वर्षों से अधिक समय से भाजपा और सामाजिक संगठनों में निभा रहे हैं महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां, कार्यकर्ताओं में उत्साह
दंतेवाड़ा से राजू शर्मा की रिपोर्ट
दंतेवाड़ा। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक मजबूती की दिशा में वरिष्ठ युवा नेता विनोद साहू को भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा का बस्तर जिला सह प्रभारी नियुक्त किया है। इस नियुक्ति के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों में खुशी की लहर है। विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों ने उन्हें बधाई देते हुए नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन की शुभकामनाएं दी हैं।
विनोद साहू पिछले 15 वर्षों से अधिक समय से भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ता के रूप में संगठन को मजबूती प्रदान कर रहे हैं। पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा, कुशल संगठनात्मक क्षमता और जनसेवा के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।
भाजपा में अपने लंबे संगठनात्मक सफर के दौरान उन्होंने वर्ष 2008 से 2010 तक गीदम युवा मोर्चा मंडल सदस्य, 2010 से 2013 तक युवा मोर्चा कार्यसमिति सदस्य, 2013 से 2016 तक युवा मोर्चा जिला मंत्री, 2016 से 2018 तक भाजपा मंडल कार्यसमिति सदस्य तथा 2021 से 2023 तक भाजपा मंडल महामंत्री, गीदम के रूप में कार्य किया। वर्तमान में वे झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य तथा गीदम नगर पंचायत वार्ड क्रमांक-06 के पार्षद के रूप में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। वे भाजपा के आजीवन सदस्य भी हैं।
जनप्रतिनिधि के रूप में भी विनोद साहू ने अपनी अलग पहचान बनाई है। वे वर्ष 2014 से 2018 तक तथा पुनः वर्ष 2025 से वर्तमान तक गीदम नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक-06 के पार्षद के रूप में जनता का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और क्षेत्र के विकास एवं जनसमस्याओं के समाधान के लिए लगातार सक्रिय हैं।
राजनीतिक जीवन के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र में भी विनोद साहू की सक्रिय भूमिका रही है। उन्होंने 2010 से 2013 तक दंतेवाड़ा साहू संघ जिला युवा प्रकोष्ठ कार्यसमिति सदस्य, 2013 से 2018 तक प्रदेश साहू संघ युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयुक्त सचिव, 2021 से 2023 तक साहू संघ युवा प्रकोष्ठ बस्तर संभाग अध्यक्ष तथा 2023 से वर्तमान तक साहू संघ युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में कार्य किया है। इसके अलावा वे अखिल भारतीय तेली युवा प्रकोष्ठ राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य के रूप में भी समाज की सेवा कर रहे हैं।
भाजपा संगठन का मानना है कि विनोद साहू के लंबे संगठनात्मक अनुभव, जनसंपर्क क्षमता और सामाजिक सक्रियता का लाभ अब पूरे बस्तर जिले में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के विस्तार और संगठन को मजबूत करने में मिलेगा। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में मोर्चा बूथ स्तर तक और अधिक प्रभावी होगा तथा समाज के विभिन्न वर्गों को पार्टी से जोड़ने में नई ऊर्जा मिलेगी।
नई जिम्मेदारी मिलने पर विनोद साहू ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन द्वारा जताए गए विश्वास पर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे तथा बस्तर जिले में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर निरंतर कार्य करेंगे।

admin 




