जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकी हमला: छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की मौत, सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकी हमला: छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की मौत, सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

रायपुर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में शुक्रवार को हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान दीपक कुमार रात्रे और भूपेंद्र कुमार भैना के रूप में हुई है। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। वहीं छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए अधिकारियों से पूरी जानकारी ली है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुलगाम जिले में अज्ञात बंदूकधारियों ने दोनों मजदूरों को निशाना बनाया। हमले के बाद दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। दीपक कुमार रात्रे की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल भूपेंद्र कुमार भैना को बेहतर उपचार के लिए जीएमसी अनंतनाग रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने छत्तीसगढ़ के एडीजी (इंटेलिजेंस) अमित कुमार से फोन पर बात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने लेने का दावा किया है। वहीं कुछ रिपोर्टों में यह भी दावा किया गया है कि हमलावरों ने गोली चलाने से पहले दोनों मजदूरों की धार्मिक पहचान पूछी थी। हालांकि इस संबंध में सुरक्षा एजेंसियों की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

घटना के बाद पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे इलाके की घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश के लिए व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।