लाखों की चोरी का खुलासा, 24 घंटे में 5 आरोपी गिरफ्तार; 3.50 लाख का सामान बरामद

लाखों की चोरी का खुलासा, 24 घंटे में 5 आरोपी गिरफ्तार; 3.50 लाख का सामान बरामद

रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में स्थित श्री धनीराम बायो एनर्जी कंपनी में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी और विधि के साथ संघर्षरत चार बालकों सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया करीब 3.50 लाख रुपये मूल्य का सामान भी बरामद कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, कंपनी के सुपरवाइजर गोपाल मिश्रा ने उरला थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि 21 जून की सुबह जब वह बेन्द्री-बोरझरा स्थित श्री धनीराम बायो एनर्जी पहुंचे तो कंपनी परिसर से 16 लाइटें, 100 फीट केबल, वेल्डिंग मशीन, ग्राइंडर, ब्लोअर, ड्रिल मशीन, चार बंडल वायर, डक्ट सेट और चाइना मशीन के पार्ट सहित अन्य सामान गायब मिला। अज्ञात चोरों ने कंपनी में घुसकर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर उरला थाना पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।

जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर नया बेन्द्री निवासी संदीप निषाद उर्फ गोलू (20) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपने चार नाबालिग साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने चारों विधि के साथ संघर्षरत बालकों को भी पकड़ लिया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया, जिसकी कुल कीमत लगभग 3.50 लाख रुपये आंकी गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।