विकसित भारत के निर्माण में नारी शक्ति की भूमिका सर्वोपरि: रूप कुमारी 

विकसित भारत के निर्माण में नारी शक्ति की भूमिका सर्वोपरि: रूप कुमारी 

रायपुर (चैनल इंडिया)। भाजपा महिला मोर्चा की नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में नारी शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर हर क्षेत्र में देश का नेतृत्व कर रही हैं और राष्ट्र की आर्थिक प्रगति में अहम योगदान दे रही हैं।

एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं से देश की करीब तीन करोड़ महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बनकर आत्मनिर्भरता की मिसाल कायम कर चुकी हैं। ग्रामीण और सुदूर क्षेत्रों की महिलाओं को भी आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाएं अब केवल घरेलू जिम्मेदारियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि विमानन, खेल, पर्वतारोहण समेत हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की भागीदारी निर्णायक होगी।

भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को पक्का घर बनाने के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है। आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को उपचार की सुविधा मिल रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, उज्ज्वला योजना और पीएम सूर्य घर योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के जरिए महिलाओं और ग्रामीण परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।