सीसीपीएल-3 : विकल्प तिवारी की विस्फोटक फिफ्टी, बिलासपुर बुल्स ने रायपुर रायनोस को 5 विकेट से हराया

सीसीपीएल-3 : विकल्प तिवारी की विस्फोटक फिफ्टी, बिलासपुर बुल्स ने रायपुर रायनोस को 5 विकेट से हराया

रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सीसीपीएल) के तीसरे संस्करण में सोमवार को खेले गए मुकाबले में बिलासपुर बुल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रायपुर रायनोस को 5 विकेट से हरा दिया। बल्लेबाजी में दमदार अर्धशतक लगाने वाले विकल्प तिवारी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में बिलासपुर बुल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी रायपुर रायनोस की टीम 19.2 ओवर में 135 रन पर सिमट गई।

रायपुर की ओर से कप्तान अमनदीप खरे ने जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए 56 रन बनाए, जबकि शाश्वत शारदा ने 34 रन का योगदान दिया। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।

बिलासपुर बुल्स की गेंदबाजी में रुद्र प्रताप देहारी और मोहित राउत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-3 विकेट झटके। दोनों गेंदबाजों ने रायपुर के बल्लेबाजी क्रम को लगातार झटके दिए।

136 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिलासपुर बुल्स की टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। विकल्प तिवारी ने 62 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को जीत की राह दिखाई। पवन परनाते ने 32 रन और प्रतिक यादव ने 31 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया।

बिलासपुर ने 16 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 136 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। रायपुर रायनोस की ओर से फैज खान ने 3 विकेट और आशिष चौहान ने 2 विकेट लिए, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके।