जगदलपुर में छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन ग्राहकों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

जगदलपुर में छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन ग्राहकों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय, जगदलपुर (जिला बस्तर) के नवीनीकृत भवन परिसर का मंगलवार को बैंक के अध्यक्ष विनोद कुमार अरोरा ने विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने नवनिर्मित कार्यालय भवन का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का जायजा लिया और अधिकारियों व कर्मचारियों से चर्चा की।

उद्घाटन समारोह में क्षेत्रीय प्रबंधक मोहित सिंघल, वरिष्ठ प्रबंधक (परिचालन) वेदप्रकाश, वरिष्ठ प्रबंधक (अग्रिम) नंदलाल यादव सहित क्षेत्रीय कार्यालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इसके अलावा बैंक के सेवानिवृत्त कर्मचारी, स्थानीय शाखा के ग्राहक, विभिन्न शाखाओं के शाखा प्रबंधक तथा अन्य आमंत्रित अतिथि भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस अवसर पर अध्यक्ष विनोद कुमार अरोरा ने कहा कि बैंक अपने ग्राहकों को बेहतर, पारदर्शी और आधुनिक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। नवीनीकृत क्षेत्रीय कार्यालय न केवल कर्मचारियों के लिए बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराएगा, बल्कि ग्राहकों को भी अधिक सुविधाजनक और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने में सहायक होगा।

उन्होंने क्षेत्रीय कार्यालय के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नए परिसर के लिए शुभकामनाएं देते हुए अपेक्षा जताई कि वे पहले से अधिक समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए बैंक की सेवाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

समारोह के दौरान उपस्थित ग्राहकों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने भी नवीनीकृत भवन के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त की। बैंक प्रबंधन ने इसे क्षेत्रीय कार्यालय के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इससे बस्तर संभाग में बैंक की कार्यक्षमता बढ़ेगी और ग्राहकों को अधिक प्रभावी एवं बेहतर बैंकिंग सुविधाएं मिल सकेंगी।