तोखन साहू बन सकते हैं प्रदेश भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष!
- शिवरतन-बृजमोहन की भी चर्चा
- सात मोर्चा प्रभारियों की नियुक्ति
रायपुर (चैनल इंडिया)। प्रदेश भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष के नाम को लेकर चर्चा जोरों पर है। मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सडक़ हादसे में घायल हैं। संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी सक्रियता सीमित होने के कारण जल्द ही किसी को जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
इस रेस में केंद्रीय मंत्री और बिलासपुर सांसद तोखन साहू का नाम सबसे आगे चल रहा है। बताया जा रहा है कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने तोखन साहू को दिल्ली बुलाया है। इसके अलावा पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, कुरुद विधायक अजय चंद्राकर, राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय और रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के नाम की भी चर्चा है। हालांकि बीजेपी के पदाधिकारी किसी भी तरह के बदलाव से इनकार कर रहे हैं।
इसके अलावा भाजपा ने प्रदेश के विभिन्न मोर्चों के नए प्रभारियों की घोषणा कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति के बाद सात मोर्चों के लिए नए प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। जारी सूची में युवा मोर्चे से लेकर महिला, किसान, पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और अल्पसंख्यक मोर्चे तक जिम्मेदारियां तय की गई हैं। तोखन साहू वर्तमान में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में मंत्री हैं और बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनके नाम पर चर्चा के पीछे ओबीसी समीकरण को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। साहू समाज का प्रदेश की राजनीति में प्रभाव है। ऐसे में भाजपा संगठन की जिम्मेदारी उन्हें देकर सामाजिक समीकरण को साधने की कोशिश कर सकती है।
वैभव बैस को युवा मोर्चे की जिम्मेदारी
छत्तीसगढ़ भाजपा की ओर से जारी सूची के मुताबिक युवा मोर्चे की जिम्मेदारी वैभव बैस को सौंपी गई है। वहीं महिला मोर्चे का प्रभारी सुभाष तिवारी को बनाया गया है। किसान मोर्चे की जिम्मेदारी पूनम चंद्राकर को दी गई है। इसके अलावा पिछड़ा वर्ग मोर्चे का प्रभारी लखनलाल साहू, अनुसूचित जनजाति मोर्चे का प्रभारी शिरिष अग्रवाल और अनुसूचित जाति मोर्चे की जिम्मेदारी डॉ. गुलाब टिकरिहा को सौंपी गई है। वहीं अल्पसंख्यक मोर्चे का प्रभारी मनोज जैन को नियुक्त किया गया है।
admin



