रायपुर की महिमा राजपूत का अंतरराष्ट्रीय स्पेस मिशन ‘ShakthiSAT’ के लिए चयन, प्रदेश का बढ़ाया मान
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की होनहार छात्रा महिमा राजपूत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। कक्षा 10वीं में अध्ययनरत महिमा का चयन प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय स्पेस मिशन ‘ShakthiSAT’ के लिए हुआ है। इस मिशन में दुनिया के 108 देशों के छात्र भाग ले रहे हैं। इतनी कम उम्र में अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़े वैश्विक कार्यक्रम में चयनित होना महिमा की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
महिमा ने बताया कि उन्हें इस मिशन की जानकारी उनके स्कूल के प्राचार्य के माध्यम से मिली थी। इसके बाद उनकी मार्गदर्शक शिक्षिका योगेश्वरी लहिरी ने उनका पंजीकरण कराया। चयन प्रक्रिया के दौरान उन्हें विभिन्न वैज्ञानिक गतिविधियों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों में हिस्सा लेना पड़ा, जिनका उद्देश्य छात्रों की वैज्ञानिक समझ और तकनीकी क्षमता को विकसित करना था।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के शुरुआती चरण में विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े कई डिजिटल मॉड्यूल उपलब्ध कराए गए थे। इन मॉड्यूल को पूरा करने के बाद उनकी वैज्ञानिक समझ और अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। लगातार मेहनत और समर्पण के बल पर ही वह इस प्रतिष्ठित मिशन तक पहुंच सकीं।
महिमा के अनुसार प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत कुल 21 मॉड्यूल और 365 लेसन उपलब्ध कराए गए। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से छात्रों को विज्ञान, सैटेलाइट तकनीक और अंतरिक्ष अनुसंधान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल सैद्धांतिक ज्ञान देना नहीं था, बल्कि छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और व्यवहारिक सोच का विकास करना भी था।
इस मिशन की विशेषता यह रही कि छात्रों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं रखा गया। उन्हें उपग्रह निर्माण की पूरी प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान सैटेलाइट की डिजाइनिंग, निर्माण और मिशन की आवश्यकताओं के अनुरूप उसके विकास की जानकारी दी गई। इससे छात्रों को अंतरिक्ष विज्ञान को व्यावहारिक रूप से समझने का अवसर मिला।
महिमा ने बताया कि वह आगामी 23 अगस्त को दिल्ली के लिए रवाना होंगी। वहां विभिन्न देशों से चयनित 108 छात्रों के साथ मिलकर उपग्रह निर्माण परियोजना में हिस्सा लेंगी। इस मिशन के तहत एक उपग्रह को चंद्रमा की सतह पर उतारने और दूसरे उपग्रह को चंद्रमा की कक्षा में स्थापित करने की योजना है।
महिमा की इस उपलब्धि से उनके परिवार, विद्यालय और पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है। शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने इसे प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया है।

admin 




