जन्मदिन विशेष : दयालदास बघेल - सरपंच से कैबिनेट मंत्री तक 

जन्मदिन विशेष : दयालदास बघेल - सरपंच से कैबिनेट मंत्री तक 

जन्मदिन : 01 जुलाई 

छत्तीसगढ़ की राजनीति में दयालदास बघेल एक ऐसा नाम है, जिसने जमीनी स्तर से शुरुआत कर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री तक का सफर तय किया है। नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक चुने जा चुके दयालदास बघेल वर्तमान में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंत्रिमंडल में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

दयालदास बघेल का जन्म 1 जुलाई 1954 को तत्कालीन दुर्ग जिले के नवागढ़ विकासखंड के ग्राम कुंरा में हुआ था। उनके पिता बसावन बघेल थे। कृषि प्रधान परिवार से आने वाले बघेल ने खेती-किसानी को अपना व्यवसाय बनाया। उनकी पत्नी का नाम अमला बघेल है। परिवार में दो पुत्र और चार पुत्रियां हैं। दयालदास बघेल ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत अपने गांव के सरपंच के रूप में की। गांव की राजनीति से आगे बढ़ते हुए वे जिला पंचायत सदस्य बने और भारतीय जनता पार्टी के विभिन्न संगठनात्मक पदों पर जिम्मेदारियां निभाईं। उन्होंने जिला कार्यकारिणी सदस्य, मंडल कार्यकारिणी सदस्य और प्रदेश प्रतिनिधि के रूप में भी पार्टी संगठन को मजबूत करने का काम किया।

भाजपा ने पहली बार वर्ष 1998 में दयालदास बघेल को नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र से चुनावी मैदान में उतारा था। हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने राजनीतिक सक्रियता जारी रखी। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद 2003 में हुए विधानसभा चुनाव में उन्होंने जीत दर्ज कर पहली बार विधायक बनने का गौरव हासिल किया। इसके बाद 2008 और 2013 में भी उन्होंने लगातार जीत हासिल कर अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत की। इस दौरान वे विधानसभा की विभिन्न समितियों में सदस्य रहे और अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली।

अपने लंबे राजनीतिक अनुभव और संगठनात्मक योगदान के चलते दयालदास बघेल को विभिन्न समय पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलीं। वे वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री रहे। वर्ष 2015 में उन्हें सहकारिता, संस्कृति एवं पर्यटन विभाग का मंत्री बनाया गया। विधानसभा की कई समितियों में भी उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई। 2018 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा, लेकिन भाजपा नेतृत्व ने उन पर भरोसा बनाए रखा। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें छठी बार नवागढ़ विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाया।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार 2023 की जीत का सबसे बड़ा कारण क्षेत्र में दयालदास बघेल की मजबूत पकड़ और लंबे समय से जनता के बीच सक्रिय मौजूदगी रही। नवागढ़ विधानसभा के अधिकांश गांवों में उनकी सीधी पहुंच और लगातार जनसंपर्क ने उन्हें बढ़त दिलाई। 2023 में भाजपा की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दयालदास बघेल को अपने मंत्रिमंडल में शामिल किया। वर्तमान में वे खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग का नेतृत्व कर रहे हैं और प्रदेश की सार्वजनिक वितरण प्रणाली तथा उपभोक्ता हितों से जुड़े महत्वपूर्ण फैसलों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। गांव के सरपंच से लेकर कैबिनेट मंत्री तक का दयालदास बघेल का सफर छत्तीसगढ़ की राजनीति में जमीनी नेतृत्व और संगठनात्मक मेहनत का एक महत्वपूर्ण उदाहरण माना जाता है।