न्यू नंदी ज्वेलर्स में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के कुशालपुर स्थित न्यू नंदी ज्वेलर्स में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले में दो आरोपियों और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को पकड़ा है।
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त की रात दुकान बंद करने के बाद अज्ञात चोर शटर का ताला तोड़कर अंदर घुसे थे और करीब 4 लाख रुपए कीमत के चांदी के जेवरात, सिक्के, कटोरी, चम्मच और गिलास चोरी कर ले गए थे।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और पुराने चोरी के मामलों में शामिल आरोपियों की गतिविधियों की पड़ताल की। इसी दौरान संजय चौहान के घटना स्थल के आसपास संदिग्ध रूप से देखे जाने की जानकारी मिली। पूछताछ में पुलिस के अनुसार, संजय ने साथी के साथ चोरी करना स्वीकार किया और चोरी का कुछ सामान होरी लाल पंकज को देने की बात सामने आई।
पुलिस ने संजय चौहान, होरी लाल पंकज और एक बालक को पकड़ा। उनके कब्जे से चोरी के चांदी के सामान और घटना में इस्तेमाल मेस्ट्रो वाहन समेत करीब 4.50 लाख रुपए का सामान बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, संजय चौहान के खिलाफ पहले भी चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट समेत आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। वहीं होरी लाल पंकज के खिलाफ सरस्वती नगर थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज है, जिसमें वह फरार चल रहा था।
admin



