रायपुर में फिर महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल, 4 दिन में दूसरी बार बढ़े दाम

रायपुर में फिर महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल, 4 दिन में दूसरी बार बढ़े दाम

रायपुर। राजधानी रायपुर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में मंगलवार को फिर बढ़ोतरी हो गई। तेल कंपनियों ने दोनों ईंधनों के दाम करीब 90-90 पैसे प्रति लीटर बढ़ा दिए हैं। इससे पहले 15 मई को भी पेट्रोल-डीजल 3-3 रुपए प्रति लीटर महंगा किया गया था। लगातार दूसरी बार कीमत बढ़ने से आम लोगों की जेब पर असर पड़ना तय माना जा रहा है।

नई दरों के बाद रायपुर में पेट्रोल करीब 104.32 रुपए प्रति लीटर और डीजल 97.38 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। डीजल महंगा होने से ट्रांसपोर्टेशन लागत बढ़ेगी, जिसका असर सब्जी, राशन, दूध और अन्य जरूरी सामानों की कीमतों पर पड़ सकता है। खेती-किसानी, बस, ऑटो और स्कूल वाहनों के किराए पर भी इसका असर देखने को मिल सकता है।

कीमत बढ़ने और सप्लाई को लेकर फैली अफवाहों के बीच पिछले दिनों रायपुर समेत कई शहरों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गई थीं। हालांकि फिलहाल सप्लाई सामान्य बताई जा रही है।

ईंधन की ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। अधिक कीमत वसूली या अवैध बिक्री की शिकायत 9977222564, 9977222574, 9977222584 और 9977222594 पर की जा सकती है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ा है। यही वजह है कि पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।