भीषण सिलेंडर ब्लास्ट: एसईसीएल के डिप्टी मैनेजर की मौके पर मौत, इलाके में मचा हड़कंप
कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। एसईसीएल चरचा कॉलरी क्षेत्र के चाइना ब्लॉक स्थित एक आवासीय क्वार्टर में शनिवार देर रात हुए भीषण गैस सिलेंडर विस्फोट में एसईसीएल के डिप्टी मैनेजर के. वी. नंदन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 11:30 बजे अचानक क्वार्टर के भीतर जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। धमाके से आसपास के लोग घबरा गए और बड़ी संख्या में घटनास्थल की ओर पहुंच गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और बचाव दल मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह गैस सिलेंडर ब्लास्ट बताई जा रही है। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है। मामले की गहन पड़ताल के लिए फोरेंसिक और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को भी बुलाया गया है।
हादसे में जान गंवाने वाले के. वी. नंदन एसईसीएल के वरिष्ठ और अनुभवी अधिकारियों में गिने जाते थे। उनके निधन की खबर से एसईसीएल परिवार, सहकर्मियों और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। सहकर्मियों ने उन्हें समर्पित और जिम्मेदार अधिकारी बताते हुए गहरा दुख व्यक्त किया है।
फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां विस्फोट के कारणों की जांच में जुटी हुई हैं। विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

admin 




