तेंदूपत्ता गोदाम में भीषण आग, 25 हजार बोरे जलकर खाक, करोड़ों का नुकसान

तेंदूपत्ता गोदाम में भीषण आग, 25 हजार बोरे जलकर खाक, करोड़ों का नुकसान

वन विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल

बीजापुर। जिला मुख्यालय से लगे ग्राम ईटपाल स्थित तेंदूपत्ता गोदाम में सोमवार दोपहर भीषण आग लगने से करोड़ों रुपये का तेंदूपत्ता जलकर खाक हो गया। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही वन विभाग, प्रशासनिक अमला और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं।

जानकारी के मुताबिक, गोदाम में अचानक आग लगने के बाद वहां रखी तेंदूपत्तों से भरी बोरियों में तेजी से आग फैल गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा गोदाम धू-धू कर जलने लगा। प्रारंभिक आकलन के अनुसार आगजनी में करीब 25 हजार बोरे, 8 समितियों का संग्रहित तेंदूपत्ता और 13 लॉट पूरी तरह नष्ट हो गए हैं।

घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के चलते सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद दमकल टीम को बुलाया गया। देर शाम तक आग बुझाने का प्रयास जारी रहा।

वन विभाग की ओर से शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। वहीं, इतनी बड़ी मात्रा में तेंदूपत्ता संग्रहण के बावजूद सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने गोदाम में पर्याप्त अग्निशमन व्यवस्था नहीं होने और विभागीय लापरवाही का आरोप लगाया है।