भीषण गर्मी का कहर: 150 से ज्यादा चमगादड़ों की मौत, प्रदेशभर में हीट वेव अलर्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग ने हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी किया है। इस बीच कोरबा जिले के पाली क्षेत्र से चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां भीषण गर्मी और हीट स्ट्रोक के कारण 150 से अधिक प्रवासी चमगादड़ों की मौत हो गई।
पाली के नौकोनिया तालाब के किनारे लगे पेड़ों पर हर साल फरवरी-मार्च में हजारों प्रवासी चमगादड़ डेरा डालते हैं। इस बार इनकी संख्या सामान्य से अधिक बताई जा रही है। पिछले पांच दिनों से इलाके में तेज गर्मी और लू का असर लगातार बना हुआ है। अत्यधिक तापमान के कारण चमगादड़ पेड़ों से गिरकर मरने लगे। स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में मृत चमगादड़ों को पेड़ों के नीचे पड़ा देखा।
पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, चमगादड़ों का सामान्य शारीरिक तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस होता है। तापमान 40 डिग्री से ऊपर पहुंचने पर वे असहज होने लगते हैं, जबकि 42 डिग्री के पार स्थिति उनके लिए जानलेवा बन जाती है।
गर्मी का असर सिर्फ वन्यजीवों तक सीमित नहीं है। तालाबों और जलाशयों का जलस्तर लगातार घट रहा है, जिससे मछलियों पर भी खतरा मंडरा रहा है। वहीं दूसरी ओर अस्पतालों में लू और डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। शनिवार को बिलासपुर जिले के मस्तूरी में लू लगने से एक बुजुर्ग की मौत की पुष्टि भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। अधिक मात्रा में पानी, ORS, छाछ, नींबू पानी और अन्य तरल पदार्थ लेने को कहा गया है। साथ ही तरबूज, खीरा, ककड़ी और हरी सब्जियों का सेवन बढ़ाने की अपील की गई है।
विशेषज्ञों ने धूप में निकलते समय सिर को गमछा, टोपी या छाते से ढंकने, हल्के और ढीले कपड़े पहनने तथा खाली पेट बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है।
लू लगने के प्रमुख लक्षण
लू लगने पर तेज बुखार, चक्कर आना, उल्टी, सिरदर्द, बेहोशी और त्वचा का लाल व सूखा होना जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। ऐसे में व्यक्ति को तुरंत छांव या ठंडी जगह पर ले जाकर पानी या ORS देना चाहिए। हालत गंभीर होने पर तुरंत अस्पताल पहुंचाने की सलाह दी गई है।

admin 





