पुराने चोर ने साथी के साथ उड़ाए थे 4 लाख के जेवर, पुलिस ने 2 आरोपी के साथ नाबालिग को दबोचा
रायपुर। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के कुशालपुर स्थित न्यू नंदी ज्वेलर्स में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। आरोपियों के कब्जे से चांदी के जेवरात, सिक्के, कटोरी, चम्मच और गिलास समेत करीब 4.50 लाख रुपए का सामान बरामद किया गया है। चोरी में इस्तेमाल मेस्ट्रो वाहन भी जब्त किया गया है।
सुबह दुकान खोली तो टूटा मिला ताला
कुशालपुर में मलसाय तालाब के पास न्यू नंदी ज्वेलर्स के संचालक अजय मंडल ने 31 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे दुकान बंद की थी। अगले दिन सुबह 11 बजे दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का एक तरफ का ताला टूटा हुआ था और शटर जमीन से उठा हुआ था। दुकान के अंदर जांच करने पर चांदी के जेवरात, सिक्के, कटोरी, चम्मच और गिलास गायब मिले। शिकायत पर पुरानी बस्ती थाने में अपराध दर्ज किया गया।
CCTV खंगाले, पुराने चोरों पर रखी नजर
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ CCTV फुटेज खंगाले गए। पुलिस ने पुराने नकबजनी और चोरी के आरोपियों तथा हाल ही में जेल से छूटे लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कबीर नगर निवासी संजय चौहान घटना की रात दुकान के आसपास संदिग्ध हालत में देखा गया था। पुलिस ने उसकी पतासाजी कर उसे पकड़ा।

पूछताछ में खुला राज, साथी को दिए थे चोरी के जेवर
पुलिस के अनुसार पूछताछ में संजय चौहान ने साथी के साथ मिलकर न्यू नंदी ज्वेलर्स में चोरी करना स्वीकार किया। उसने चोरी के कुछ जेवरात अपने साथी होरी लाल पंकज को देने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने होरी लाल और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को भी पकड़ लिया।
आरोपियों के कब्जे से चोरी की चांदी के जेवरात, सिक्के, कटोरी, चम्मच और गिलास बरामद किए गए। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मेस्ट्रो वाहन भी जब्त किया है। बरामद सामान और वाहन की कुल कीमत करीब 4.50 लाख रुपए है।
संजय पर पहले से आधा दर्जन से ज्यादा मामले
पुलिस के मुताबिक संजय चौहान शातिर चोर है। उसके खिलाफ डीडी नगर, कोतवाली, गुढ़ियारी समेत अन्य थाना क्षेत्रों में चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट के आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। इन मामलों में वह जेल भी जा चुका है।
वहीं, होरी लाल पंकज के खिलाफ सरस्वती नगर थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। इस मामले में वह फरार चल रहा था। पुलिस अब उस प्रकरण में भी उसकी गिरफ्तारी करेगी।
गिरफ्तार आरोपी
1. संजय चौहान, 30 वर्ष, कबीर नगर, रायपुर।
2. होरी लाल पंकज, 36 वर्ष, सड्डू, रायपुर।
3. विधि के साथ संघर्षरत एक बालक
admin



