15 साल सीएम रहा पर कलेक्टर-एसपी की ऐसी घोर लापरवाही नहीं देखी: डॉ. रमन सिंह

15 साल सीएम रहा पर कलेक्टर-एसपी की ऐसी घोर लापरवाही नहीं देखी: डॉ. रमन सिंह

बेमेतरा (चैनल इंडिया)। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने रविवार को जिला मुख्यालय में यहां के प्रशासनिक अफसरों को जमकर फटकार लगाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में उन्होंने प्रशासनिक अव्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। मौसम खराब होने के कारण मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में शामिल नहीं हो पाए। इसके बाद रेस्ट हाउस में वर-वधुओं को आशीर्वाद देने का कार्यक्रम रखा गया। यहीं पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ.रमन सिंह अव्यस्था को देखकर फट पड़े। 

डॉ. रमन सिंह ने सार्वजनिक रूप से जिले के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (एसपी) को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री बेमतरा में हैं, लेकिन मुख्यमंत्री की गरिमा के अनुरूप यह कार्यक्रम बिल्कुल नहीं है। मैं कलेक्टर और एसपी को साफ-साफ शब्दों में कहना चाहता हूं कि यह कोई तरीका नहीं है कि मुख्यमंत्री का पीछे से स्वागत किया जाए। क्या इतनी भी जानकारी शायद अफसरों को नहीं है कि चीफ  मिनिस्टर और दो-दो डिप्टी चीफ मिनिस्टर यहां बैठे हुए हैं। पूरा मंत्रिमंडल यहां मौजूद है, लेकिन गरिमा का ख्याल नहीं है। 

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री यहां ढाई घंटे से मौजूद हैं, लेकिन अधिकारी बैठक कहां कराना है, जगह तय नहीं कर पाए।  उन्होंने इसे अधिकारियों की नकारात्मकता और काम के प्रति लापरवाही करार दिया। उन्होंने कहा कि मैंने अपने लंबे राजनीतिक जीवन और 15 साल तक मुख्यमंत्री रहने के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों की ऐसी घोर अव्यवस्था कभी नहीं देखी। उन्होंने यह भी कहा कि वे आम तौर पर ऐसे मौकों पर यह सब नहीं बोलते लेकिन जब मुख्यमंत्री और पूरा मंत्रिमंडल यहां मौजूद हो और उसके बाद भी अधिकारियों में कोई गंभीरता न दिखे, तो चुप रहना मुमकिन नहीं था। उन्होंने तंज कसा कि अगर मैं आज नहीं बोलता तो ये अधिकारी कभी नहीं सीखते, उम्मीद है कि वे आज की इस घटना से सबक लेंगे। 

तीन अफसरों को नोटिस जांच के आदेश भी
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की बेमेतरा में मुख्यमंत्री कन्या विवाह समारोह में अव्यवस्था पर नाराजगी के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संभाग कमिश्नर को जांच का आदेश दे दिया है। दूसरी ओर प्रारंभिक तौर पर अव्यवस्था के लिए जिम्मेदार बेमेतरा के तीन अफसरों को नोटिस थमाकर जवाब मांगा गया है। प्रशासन के स्तर पर एसडीओ बेमेतरा प्रकाश कुमार भारद्वाज, पीएचई के कार्यपालन अभियंता बेमेतरा जेपी गोंड़ और नायब तहसीलदार देवरबीजा राजाराम लहरे को तत्काल प्रभाव से पूरे मामले में स्पष्टीकरण देने को कहा गया है।

बैलगाड़ी पर निकली विधायक की बारात, मुख्यमंत्री, मंत्री व विधायक बने बाराती 
बेमेतरा में एक अनोखी शादी देखने को मिली। जब बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने रविवार को मुख्यमंत्री कन्या विवाह समारोह में शादी हुई। बारात बैलगाड़ी पर निकली, जिसकी लगाम डिप्टी सीएम अरुण साव ने थामी। इस बारात में सीएम विष्णुदेव साय, मंत्री और भाजपा के कई विधायक शामिल हुए। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में दीपेश साहू ने बीपीएल परिवार की तरुणा साहू के साथ सात फेरे लिए। विधायक समेत 23 जोड़ों का विवाह हुआ।