भाजपा ने किया राजीव भवन कूच, कांग्रेसी पहुंचे एकात्म परिसर,पुलिस ने किया वाटर कैनन का प्रयोग

भाजपा ने किया राजीव भवन कूच, कांग्रेसी पहुंचे एकात्म परिसर,पुलिस ने किया वाटर कैनन का प्रयोग

रायपुर। भाजपा ने आज राजीव भवन की तरफ कूच किया तो इसके विरोध में शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने एकात्म परिसर पहुंचकर विरोध किया। दोनों ने एक दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। काला झंडा लहराकर विरोध प्रदर्शन किया गया। पुलिस ने भी अपनी तैयारी पूरी रखी थी। प्रदर्शनकारियों को बीच रास्ते में रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई थी। प्रदर्शन उग्र होने पर पुलिस ने पानी की तेज बौछार शुरू की। 

भाजपा के प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, राजेश अग्रवाल, श्याम बिहारी जायसवाल, गुरु खुशवंत साहेब, टंकराम वर्मा, लक्ष्मी रजवाड़े, विधायक राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, सुनील सोनी, अनुज शर्मा, जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ रायपुर के शंकर नगर में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के आवास के घेराव के विरोध में आयोजित कांग्रेस कार्यालय के घेराव कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता के इस कदम को लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत बताते हुए कड़ा विरोध जताया।

डिप्टी सीएम साव ने कहा कि संवैधानिक पदों एवं लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान करना प्रत्येक जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री आवास का घेराव करना लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है। ऐसे कृत्य से समाज में गलत संदेश जाता है और जनता भी इसे स्वीकार नहीं करती।

जनसभा के उपरांत डिप्टी सीएम साव ने भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस कार्यालय का घेराव कर विरोध-प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की गरिमा बनाए रखना हम सभी का दायित्व है। भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक मर्यादाओं की रक्षा के लिए सदैव दृढ़ता से खड़ी रहेगी।

राजीव भवन की ओर भाजपा के कूच के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, काले झंडे दिखाकर जताया विरोध

इधर भाजपा की इस कार्रवाई का कांग्रेस ने जोरदार विरोध किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा काले झंडे लहराकर अपना विरोध दर्ज कराया।

शहर जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने कहा कि कांग्रेस हमेशा संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक मर्यादाओं की पक्षधर रही है। यदि भाजपा इसी प्रकार राजनीतिक टकराव का वातावरण बनाने का प्रयास करेगी तो कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से उसका हर स्तर पर विरोध करती रहेगी।