प्रमोशन के बाद नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे थे पूर्व जीएम अरुण त्यागी, सड़क हादसे में मौत
कोरबा। जिले में रफ्तार का कहर लगातार जारी है। बांगों थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-130 पर चोटिया के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एसईसीएल गेवरा एरिया के पूर्व महाप्रबंधक अरुण कुमार त्यागी की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वे नई जिम्मेदारी संभालने के लिए सिंगरौली जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, अरुण कुमार त्यागी को हाल ही में निर्देशक तकनीकी (डीटी) पद पर पदोन्नति मिली थी। प्रमोशन के बाद वे ड्यूटी ज्वाइन करने कार से सिंगरौली रवाना हुए थे। इसी दौरान चोटिया क्षेत्र के पास उनकी तेज रफ्तार कार आगे चल रहे एक पार्सल वाहन से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बांगों पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
इस दुखद घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने सोशल मीडिया के माध्यम से अरुण कुमार त्यागी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि एसईसीएल गेवरा एरिया के पूर्व महाप्रबंधक एवं हाल ही में निर्देशक तकनीकी पद पर पदोन्नत हुए अरुण कुमार त्यागी का सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन अत्यंत पीड़ादायक है। वे सिंगरौली में नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे थे, इसी दौरान हादसे का शिकार हो गए। विधायक ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

admin 





