लौह नगरी किरंदुल में नीट अभ्यर्थियों के समर्थन में छात्रों ने निकाली शांतिपूर्ण रैली

लौह नगरी किरंदुल में नीट अभ्यर्थियों के समर्थन में छात्रों ने निकाली शांतिपूर्ण रैली

किरंदुल से साहिल गुप्ता की रिपोर्ट

दंतेवाड़ा/किरंदुल। दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे NEET परीक्षा से जुड़े छात्र आंदोलन की गूंज अब लौह नगरी किरंदुल में भी सुनाई दी। NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं और छात्रों के साथ हुई घटनाओं के विरोध में किरंदुल के विद्यार्थियों ने एकजुट होकर शांतिपूर्ण रैली निकाली तथा देशभर में चल रहे आंदोलन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। देश के विभिन्न हिस्सों में भी इसी मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन और छात्र आंदोलन जारी हैं। 

रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। हाथों में तख्तियां लेकर विद्यार्थियों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, निष्पक्ष जांच और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लाखों विद्यार्थियों की मेहनत के साथ किसी भी प्रकार की अनियमितता स्वीकार नहीं की जा सकती।

छात्रों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी राजनीतिक दल का समर्थन करना नहीं, बल्कि देशभर के NEET अभ्यर्थियों की आवाज़ को मजबूत करना है। उन्होंने निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग करते हुए कहा कि छात्रों का भविष्य सर्वोपरि होना चाहिए।

रैली शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई, जिसमें स्थानीय विद्यार्थियों के साथ कई नागरिकों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए छात्रों का मनोबल बढ़ाया। छात्रों ने विश्वास जताया कि उनकी आवाज़ संबंधित अधिकारियों तक पहुँचेगी और परीक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।