ICC का बड़ा ऐलान: भारत को मिली पहली महिला चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी, मुंबई और वडोदरा में होंगे मुकाबले

ICC का बड़ा ऐलान: भारत को मिली पहली महिला चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी, मुंबई और वडोदरा में होंगे मुकाबले

दुबई: अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने महिला क्रिकेट के इतिहास में एक बड़ा फैसला लेते हुए पहली बार आयोजित होने जा रही 'वूमेन्स चैंपियंस ट्रॉफी 2027' की मेजबानी भारत को सौंप दी है। 14 से 28 फरवरी 2027 के बीच आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट के सभी मुकाबले मुंबई के क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (CCI) और वडोदरा के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। पहले इस टूर्नामेंट का आयोजन श्रीलंका में होना था, लेकिन वहां प्रशासनिक सुधारों की प्रक्रिया जारी रहने के कारण आईसीसी बोर्ड ने भारत, बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका के विकल्पों का मूल्यांकन करने के बाद भारत को नए मेजबान के रूप में चुना है।  

टी20 फॉर्मेट में खेले जाने वाले इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट में कुल छह टीमें—मेजबान भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका हिस्सा लेंगी। राउंड-रॉबिन आधार पर होने वाले इस मुकाबले में अंक तालिका की शीर्ष दो टीमें 28 फरवरी 2027 को खिताबी जंग में आमने-सामने होंगी। आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने इसे महिला क्रिकेट के लिए एक रोमांचक नया अध्याय करार दिया है। भारत में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता से देश में महिला क्रिकेट को एक नया आयाम और प्रोत्साहन मिलने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है।