वायरलेस टॉवर पर चढ़ी महिला ने लगाई फांसी, मानसिक तनाव की आशंका
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक महिला ने थाना परिसर स्थित वायरलेस टॉवर पर चढ़कर दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस की शुरुआती जांच में महिला के लंबे समय से मानसिक तनाव से जूझने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान निलिमा लकड़ा (22) निवासी ग्राम धुमाडांड के रूप में हुई है। वह अपनी मां और चार वर्षीय बेटी के साथ आधार कार्ड से संबंधित दस्तावेज बनवाने कुनकुरी आई थी। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गई। परिजन उसकी तलाश कर ही रहे थे कि कुछ समय बाद जानकारी मिली कि वह थाना परिसर के सामने स्थित वायरलेस टॉवर पर चढ़ गई है।
घटना की सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस, नगर सेना, डीडीआरएफ और नगर पंचायत की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने महिला को समझाकर नीचे उतारने की काफी कोशिश की। अधिकारियों ने उससे लगातार बातचीत कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया, लेकिन महिला टॉवर से नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई।
करीब तीन से चार घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के दौरान थाना परिसर के आसपास बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। मौके पर एएसपी राकेश पटनवार, एसडीएम नंद पांडे, एसडीओपी विनोद कुमार मंडावी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। तमाम प्रयासों के बावजूद महिला ने टॉवर पर ही दुपट्टे से फांसी लगा ली।
बताया जा रहा है कि महिला लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान थी। रिश्तेदारों के मुताबिक वह मोबाइल पर आत्महत्या और फांसी से जुड़े वीडियो भी देखती थी। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि घटना से पहले महिला ने डायल-112 पर कॉल कर अपनी लोकेशन और स्थिति की जानकारी दी थी।
टॉवर की ऊंचाई अधिक होने के कारण शव को नीचे उतारने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामले में एएसपी राकेश पटनवार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मानसिक असंतुलन और तनाव की बात सामने आई है। फिलहाल मर्ग कायम कर जांच की जा रही है और परिजनों से पूछताछ जारी है।

admin 




