रायपुर पुलिस का बड़ा अभियान: एक सप्ताह में 154 अपराधी और संदिग्ध भेजे गए जेल

रायपुर पुलिस का बड़ा अभियान: एक सप्ताह में 154 अपराधी और संदिग्ध भेजे गए जेल

अपराधियों पर रायपुर पुलिस का शिकंजा: 7 दिनों में 154 गिरफ्तार, वारंटी और असामाजिक तत्वों पर बड़ी कार्रवाई

रायपुर। राजधानी रायपुर में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के तहत एक सप्ताह के भीतर 154 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। मध्य जोन पुलिस की इस कार्रवाई में फरार वारंटियों, आदतन अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए।

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) उमेश गुप्ता के निर्देशन में संचालित इस विशेष अभियान के दौरान कमिश्नरेट को प्राप्त प्रतिबंधात्मक शक्तियों का प्रभावी उपयोग करते हुए विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई की गई।

अभियान के तहत 61 स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटियों को पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया। वहीं, सार्वजनिक शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से 93 संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सबसे अधिक कार्रवाई गंज और तेलीबांधा थाना क्षेत्र में की गई। थाना-वार आंकड़ों में कोतवाली क्षेत्र से 19, गोलबाजार से 18, मौदहापारा से 10, गंज से 36, सिविल लाइन से 25, तेलीबांधा से 34 तथा देवेंद्र नगर क्षेत्र से 12 लोगों के खिलाफ कार्रवाई दर्ज की गई।

डीसीपी उमेश गुप्ता ने बताया कि शहर में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध और असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के प्रति किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। पुलिस का उद्देश्य शहर को सुरक्षित बनाए रखना है और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।