डीएवी किरंदुल के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन,चार वर्गों में जोनल स्तर पर बनाई जगह
किरंदुल से साहिल गुप्ता की रिपोर्ट
दंतेवाड़ा/किरंदुल। डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल बचेली, जिला दंतेवाड़ा में 18 जुलाई 2026 को आयोजित डी.ए.वी. नेशनल स्पोर्ट्स क्लस्टर मीट में डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल किरंदुल के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाया। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के दम पर चार टीमों ने जोनल स्तर की प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
प्रतियोगिता में बालक वर्ग के अंडर-17 शतरंज, अंडर-14 फुटबॉल एवं अंडर-19 टेबल टेनिस तथा बालिका वर्ग के अंडर-17 शतरंज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जोनल स्तर में अपना स्थान सुनिश्चित किया।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य श्री एस.के. श्रीवास्तव ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का यह परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ी जोनल प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
खिलाड़ियों की इस सफलता के पीछे विद्यालय के खेल शिक्षक मनोज कुमार सिंह एवं खेल शिक्षिका तृप्ति प्रसाद के मार्गदर्शन और निरंतर प्रशिक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यालय परिवार ने सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

admin 




