कृषि विभाग की कार्रवाई, 550 किलो संदिग्ध उर्वरक जब्त
महासमुंद। किसानों को गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित मानकों के अनुरूप उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग द्वारा राज्यभर में निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में महासमुंद जिले में कृषि विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक कृषि प्रतिष्ठान से लगभग 550 किलोग्राम उर्वरक जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम ने बागबाहरा विकासखंड के ग्राम घोयनाबाहरा स्थित वैष्णवी एग्रो इंडस्ट्रीज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में ओडिशा के बरगढ़ जिले से संबंधित प्रिंट वाली पीआरओएम (PROM) उर्वरक की 11 बोरियां पाई गईं।
कृषि विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सभी 11 बोरियों को जब्त कर लिया। जब्त उर्वरक का कुल वजन लगभग 550 किलोग्राम बताया गया है।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि किसानों के हितों की सुरक्षा और उर्वरकों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। साथ ही उर्वरकों के भंडारण, परिवहन और विक्रय से संबंधित नियमों का पालन कराया जा रहा है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उर्वरक विक्रय या भंडारण में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कृषि विभाग का निरीक्षण और प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

admin 




