घरेलू विवाद से परेशान युवक ने पहाड़ पर लगाई फांसी, मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं ने देखा शव
कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र स्थित मड़वारानी पहाड़ पर एक युवक का शव पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद और पारिवारिक तनाव के चलते आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह मड़वारानी मंदिर में दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं ने पहाड़ पर एक पेड़ से युवक का शव लटका देखा। शव के पास ही एक बाइक खड़ी थी। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान के लिए आसपास के गांवों में मुनादी कराई गई, जिसके बाद उसकी शिनाख्त जर्वे गांव निवासी 32 वर्षीय सिमरन कुमार सांडे के रूप में हुई।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि सिमरन शनिवार शाम करीब 7 बजे बाइक लेकर घर से निकला था, लेकिन रातभर वापस नहीं लौटा। रविवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे।
परिजनों के अनुसार, कुछ दिन पहले सिमरन का अपनी पत्नी से घरेलू विवाद हुआ था। विवाद के बाद पत्नी अपने चार वर्षीय बेटे को साथ लेकर मायके चली गई थी और वापस नहीं लौट रही थी। इस वजह से सिमरन पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। प्रारंभिक तौर पर इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

admin 




