40% रिटर्न का झांसा देकर युवक से 9.72 लाख की ठगी, आरोपियों ने 46 लाख लौटाने का दिया था लालच

40% रिटर्न का झांसा देकर युवक से 9.72 लाख की ठगी, आरोपियों ने 46 लाख लौटाने का दिया था लालच

भिलाईनगर। सोशल मीडिया के जरिए ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर भिलाई के एक व्यक्ति से 9.72 लाख रुपये की कथित ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने निवेश की गई रकम पर 40 प्रतिशत रिटर्न देने का भरोसा दिलाकर अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआई आईडी में पैसे जमा करवाए। रकम वापस करने की बारी आई तो 46.23 लाख रुपये लौटाने का दावा किया, लेकिन बाद में खाता नंबर गलत होने का हवाला देकर दोबारा पैसे जमा करने को कहा।

सेक्टर-7 निवासी महेंद्र कुमार (53) ने भिलाईनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, नवंबर 2025 से मार्च 2026 के बीच आरोपियों ने फेसबुक के जरिए उनसे संपर्क किया। इसके बाद व्हाट्सएप पर ट्रेडिंग में निवेश करने और प्रतिदिन 40 प्रतिशत रिटर्न मिलने का झांसा दिया गया।

आरोपियों की बातों में आकर महेंद्र कुमार ने अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआई माध्यमों से कुल 9 लाख 72 हजार रुपये जमा कर दिए। कुछ समय बाद जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने 46 लाख 23 हजार रुपये लौटाने की बात कही।

हालांकि, रकम ट्रांसफर करने के दौरान आरोपियों ने बैंक खाता नंबर गलत होने की बात कहते हुए दोबारा पैसे जमा करने के लिए कहा। इस पर महेंद्र कुमार को संदेह हुआ और उन्होंने साइबर क्राइम पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई।

पीड़ित की शिकायत के आधार पर भिलाईनगर पुलिस ने गीता और दीपेश चावला के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल नंबर, बैंक खातों और यूपीआई लेनदेन की जांच कर रही है। साथ ही ठगी की रकम के ट्रांजेक्शन और मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।