दोना-पत्तल मशीन के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप, संचालक के खिलाफ मामला दर्ज

दोना-पत्तल मशीन के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप, संचालक के खिलाफ मामला दर्ज

रायपुर। राजधानी रायपुर में दोना-पत्तल बनाने की मशीन बेचने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। डीडी नगर थाना पुलिस ने शिकायतों की जांच के बाद उड़ान मशीनरी विक्रेता एवं भारतीय महिला फाउंडेशन के संचालक शैलेंद्र कुमार रजक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ितों का आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रसारित विज्ञापन देखकर आरोपी से संपर्क किया था। विज्ञापन में दोना-पत्तल निर्माण मशीन उपलब्ध कराने के साथ कच्चा माल देने, तैयार माल को वापस खरीदने और बेहतर मुनाफा दिलाने का दावा किया गया था। इसके अलावा मशीन खराब होने पर एक वर्ष तक निशुल्क तकनीकी सहायता देने का भी आश्वासन दिया गया था।

आरोप है कि इन वादों पर भरोसा कर कई लोगों ने मशीन की कीमत और कच्चे माल की सुरक्षा राशि के रूप में लाखों रुपये जमा किए। कुछ लोगों ने करीब 4 लाख रुपये तो कुछ ने 7 लाख रुपये तक का भुगतान किया। हालांकि, रकम लेने के बाद कई ग्राहकों को मशीन ही नहीं मिली, जबकि कुछ को मशीन मिलने के बावजूद न तो कच्चा माल उपलब्ध कराया गया और न ही तैयार उत्पाद की खरीद की गई।

इस मामले में पीड़ित चंद्रहास वर्मा की शिकायत पर डीडी नगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। इसके बाद अन्य प्रभावित लोगों ने भी पुलिस से शिकायत की है। पीड़ितों के अधिवक्ता विवेक तनवानी के अनुसार, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

वहीं आरोपी शैलेंद्र कुमार रजक ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा है कि वह अपने सभी आश्वासनों को पूरा करने के लिए तैयार है। उसका कहना है कि मशीनों की एक वर्ष तक निशुल्क सर्विस की व्यवस्था है और शिकायत मिलने पर तकनीशियन भी भेजे गए थे। आरोपी के अनुसार, जिस कंपनी से वह कच्चा माल मंगाता था, वहां से आपूर्ति प्रभावित होने के कारण ग्राहकों को समय पर सामग्री उपलब्ध नहीं कराई जा सकी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिकायतकर्ताओं के दावों के साथ-साथ आरोपी के पक्ष की भी पड़ताल की जा रही है।