रैपिडो राइडर पर महिला का बैग लेकर फरार होने का आरोप, 56 हजार नकद समेत मोबाइल और दस्तावेज गायब
रायपुर। राजधानी रायपुर में एक रैपिडो बाइक राइडर पर महिला यात्री का हैंडबैग लेकर फरार होने का आरोप लगा है। पीड़िता का दावा है कि बैग में 56 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे। घटना के बाद महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। मामला गंज थाना क्षेत्र के फाफाडीह स्थित एयू बैंक के सामने का है।
पुलिस के अनुसार, टिकरापारा थाना क्षेत्र के बोरियाखुर्द निवासी महिला निजी कार्यों के लिए अक्सर रैपिडो बाइक सेवा का उपयोग करती थी। इसी दौरान उसकी पहचान रैपिडो राइडर भीमगज उर्फ विक्की से हुई थी। 22 जुलाई को दोपहर करीब 12:30 बजे महिला ने फोन कर उसे बोरियाखुर्द से फाफाडीह स्थित एयू बैंक तक छोड़ने के लिए बुलाया।
बारिश के कारण महिला ने अपना हैंडबैग सुरक्षित रखने के लिए राइडर के बैकपैक में रखवा दिया। करीब दोपहर 1:30 बजे राइडर ने महिला को एयू बैंक के सामने डागा पेट्रोल पंप के पास उतार दिया। आरोप है कि इसके बाद उसने बैग वापस नहीं किया और बाइक लेकर मौके से चला गया।
महिला ने राइडर को रोकने की कोशिश की और उसका पीछा भी किया, लेकिन वह फरार हो गया। पीड़िता के मुताबिक बैग में Motorola Moto G45 5G मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, बैंक पासबुक और 56 हजार रुपये नकद रखे थे। बैग में मौजूद सामान की कुल कीमत करीब 65 हजार रुपये बताई गई है।
घटना के बाद महिला ने अपने परिजनों को सूचना दी और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर गंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत में जिस रैपिडो राइडर का नाम सामने आया है, उसकी पहचान कर ली गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।

admin 




