जमीन दलाली के पैसे को लेकर विवाद, प्रॉपर्टी डीलर ने पिता-पुत्र समेत तीन पर लगाया जान से मारने की धमकी का आरोप
दुर्ग। जिले के कुरूद इलाके में जमीन के कारोबार से जुड़े लेन-देन को लेकर विवाद सामने आया है। सुंदर विहार कॉलोनी फेस-1 निवासी एक प्रॉपर्टी डीलर ने पिता-पुत्र और उनके एक साथी पर फोन पर गाली-गलौज करने, शहर छोड़ने का दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में प्रॉपर्टी डीलर ने बताया कि वह कई वर्षों से जमीन की खरीदी-बिक्री और दलाली का काम करता है। वर्ष 2024 में उसकी पहचान आशीष प्रधान और उसके पिता कीर्तीचंद से हुई थी। इसके बाद उनके बीच जमीन से जुड़े कई सौदे हुए।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, 25 जुलाई की सुबह करीब 9:30 बजे वह अपने घर पर था। उस दौरान उसके दोस्त सुनील सिंह और ज्ञानदास भी जमीन संबंधी काम के सिलसिले में वहां मौजूद थे। करीब 9:47 बजे कीर्तीचंद का फोन आया। आरोप है कि जमीन दलाली के पैसों को लेकर बातचीत के दौरान कीर्तीचंद ने गाली-गलौज की और उसे शहर छोड़ने की धमकी दी। शिकायतकर्ता का दावा है कि शहर नहीं छोड़ने पर जान से मारने की बात भी कही गई। उसने फोन स्पीकर पर रखा था, जिससे वहां मौजूद लोगों ने भी बातचीत सुनी।
कुछ देर बाद दूसरे फोन कॉल का आरोप
शिकायत के अनुसार, करीब 10:15 बजे आशीष प्रधान का भी फोन आया। प्रॉपर्टी डीलर का आरोप है कि आशीष ने अपने साथी असलम शेख के साथ जमीन दलाली के पैसों को लेकर दोबारा गाली-गलौज और धमकी दी। लगातार मिल रही कथित धमकियों के कारण शिकायतकर्ता ने अपने और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया है। फोन कॉल और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

admin 




