माशिमं ने जारी की नई गाइडलाइन: 31 अगस्त तक भरने होंगे प्रवेश और परीक्षा फॉर्म, देरी पर लगेगा जुर्माना

माशिमं ने जारी की नई गाइडलाइन: 31 अगस्त तक भरने होंगे प्रवेश और परीक्षा फॉर्म, देरी पर लगेगा जुर्माना

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं से 12वीं तक के नियमित विद्यार्थियों के प्रवेश, नामांकन और बोर्ड परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। मंडल ने सभी मान्यता प्राप्त स्कूलों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

जारी गाइडलाइन के अनुसार, स्कूलों को 31 अगस्त 2026 तक प्रवेश सूची के साथ विद्यार्थियों के नामांकन और परीक्षा फॉर्म ऑनलाइन भरने होंगे। वहीं परीक्षा आवेदन शुल्क एवं परीक्षा शुल्क का ऑनलाइन भुगतान 30 सितंबर 2026 तक करना अनिवार्य रहेगा।

पोर्टल दोबारा खुलने पर लगेगा विलंब शुल्क

माशिमं ने स्कूलों को पोर्टल लॉक होने से पहले सभी प्रविष्टियों की सावधानीपूर्वक जांच करने के निर्देश दिए हैं। यदि किसी कारणवश पोर्टल दोबारा खोलना पड़ता है, तो प्रति दिन 1000 रुपये का विलंब शुल्क देना होगा। मंडल ने स्पष्ट किया है कि यह शुल्क संबंधित स्कूल संस्था से लिया जाएगा और इसकी वसूली किसी भी स्थिति में विद्यार्थियों से नहीं की जाएगी।

गलत जानकारी की जिम्मेदारी संस्था प्रमुख की

मंडल ने कहा है कि कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों की ऑनलाइन जानकारी भरते समय विशेष सावधानी बरती जाए। यदि किसी विद्यार्थी की जानकारी गलत दर्ज होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित संस्था प्रमुख की होगी। साथ ही कक्षा 10वीं और 12वीं के विषयों में संशोधन की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद किसी भी प्रकार का संशोधन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

31 जनवरी तक दर्ज करने होंगे प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट के अंक

गाइडलाइन के अनुसार सभी स्कूलों को 31 जनवरी 2027 तक प्रैक्टिकल एवं प्रोजेक्ट परीक्षा के अंक ऑनलाइन दर्ज करने होंगे। इसके बाद अंक प्रविष्टि या संशोधन के लिए पोर्टल केवल दो दिनों के लिए खोला जाएगा। इस अवधि में भी प्रति दिन 1000 रुपये का विलंब शुल्क लागू होगा, जिसकी गणना 31 जनवरी के बाद से की जाएगी।

अकादमिक स्टाफ की जानकारी भी होगी अनिवार्य

माशिमं ने सभी मान्यता प्राप्त स्कूलों को प्राचार्य सहित पूरे अकादमिक स्टाफ का विवरण भी ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। यदि निर्धारित समय में यह जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई, तो संबंधित स्कूल की प्रवेश सूची और विद्यार्थियों के परीक्षा आवेदन निरस्त किए जा सकते हैं।

दूसरी बोर्ड परीक्षा के बाद भी मिलेगा प्रवेश

मंडल ने यह भी स्पष्ट किया है कि कक्षा 10वीं और 12वीं की दूसरी बोर्ड परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद पात्र विद्यार्थियों को 10 दिनों के भीतर प्रवेश दिया जा सकेगा।

प्रमुख तिथियां

  • 31 अगस्त 2026: प्रवेश सूची, नामांकन एवं परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि।

  • 30 सितंबर 2026: परीक्षा आवेदन शुल्क एवं परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि।

  • 31 दिसंबर 2026: कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विषय संशोधन की अंतिम तिथि।

  • 31 जनवरी 2027: प्रैक्टिकल एवं प्रोजेक्ट परीक्षा के अंक ऑनलाइन दर्ज करने की अंतिम तिथि।

माशिमं के अनुसार, बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए जनवरी से प्रैक्टिकल एवं प्रोजेक्ट परीक्षाएं आयोजित किए जाने की संभावना है। सभी स्कूलों को समय-सीमा का पालन करते हुए ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।