IGKV पेपर लीक: अब 7 अगस्त की परीक्षा भी रद्द, सितंबर में फिर होगा एग्जाम

IGKV पेपर लीक: अब 7 अगस्त की परीक्षा भी रद्द, सितंबर में फिर होगा एग्जाम

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में सामने आए पेपर लीक मामले ने परीक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विश्वविद्यालय ने अब 7 अगस्त को आयोजित B.Sc. Agriculture प्रथम वर्ष की Plant Pathology परीक्षा भी रद्द कर दी है। पुलिस जांच के दौरान इस परीक्षा के प्रश्नपत्र के लीक होने की पुष्टि के बाद विश्वविद्यालय ने यह फैसला लिया है।

यह मामला उस पेपर लीक प्रकरण की जांच के दौरान सामने आया, जिसमें B.Sc. Agriculture द्वितीय वर्ष की Entomology परीक्षा का प्रश्नपत्र कथित तौर पर लीक हुआ था। इस मामले में एक प्रोफेसर और पांच छात्रों समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

दो परीक्षाएं अब दोबारा होंगी

विश्वविद्यालय के अधिकारियों के मुताबिक रद्द की गई Plant Pathology परीक्षा और पहले रद्द की जा चुकी Entomology परीक्षा को सितंबर के पहले सप्ताह में दोबारा आयोजित किया जाएगा। परीक्षा व्यवस्था में भी बदलाव किए जा रहे हैं। प्रश्नपत्रों को अब हार्ड कॉपी के बजाय पासवर्ड-सुरक्षित ईमेल के माध्यम से भेजने की व्यवस्था पर काम किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार Entomology पेपर मामले में कथित तौर पर सीलबंद लिफाफे में छोटा छेद कर एंडोस्कोपिक कैमरा डाला गया और प्रश्नपत्र की तस्वीरें ली गईं। पुलिस ने बताया कि प्रश्नपत्र कथित तौर पर छात्रों तक पहुंचाया गया और पैसे लेकर बेचा गया।