पीतल कारोबारी के ठिकानों पर देर रात छापा, ED-IT की टीम कर रही जांच

पीतल कारोबारी के ठिकानों पर देर रात छापा, ED-IT की टीम कर रही जांच

बलौदाबाजार। शहर के गौरव पथ स्थित पीतल सामान के कारोबारी राजकुमार सराफ के मकान और कारखाने में देर रात प्रवर्तन निदेशालय (ED) और आयकर विभाग (IT) की टीम की कार्रवाई की खबर सामने आई है। अधिकारियों की टीम कारोबारी के ठिकानों पर दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

कार्रवाई के दौरान मकान और कारखाने के बाहर स्थानीय पुलिस बल तैनात किया गया है। टीम के अधिकारी परिसर के भीतर जांच में जुटे हैं। इस दौरान बाहर आए एक अधिकारी से कार्रवाई के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने किसी भी तरह की टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

बताया जा रहा है कि कारोबारी के परिवार के कुछ सदस्य शराब कारोबार से भी जुड़े हुए हैं। कारोबारी परिवार की राजनीतिक क्षेत्र में भी पहुंच होने की चर्चा है। ऐसे में इस कार्रवाई को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।

हालांकि, छापेमारी किस मामले में की गई है और जांच के दौरान क्या दस्तावेज या अन्य सामग्री मिली है, इसे लेकर फिलहाल ED या आयकर विभाग की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इसलिए कार्रवाई को मनी लॉन्ड्रिंग या किसी अन्य विशेष मामले से जोड़ने की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

फिलहाल अधिकारियों की जांच जारी है। कार्रवाई पूरी होने और संबंधित एजेंसियों की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद मामले की स्थिति अधिक स्पष्ट हो सकेगी।