रेप के आरोप में कथावाचक और ज्योतिषाचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री गिरफ्तार, पुलिस ने सिलियारी से दबोचा

रेप के आरोप में कथावाचक और ज्योतिषाचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री गिरफ्तार, पुलिस ने सिलियारी से दबोचा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कथावाचक और ज्योतिषाचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री को दुष्कर्म के आरोप में महासमुंद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बागबाहरा थाना क्षेत्र में एक महिला की शिकायत के आधार पर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी को रायपुर के समीप स्थित सिलियारी से गिरफ्तार कर बागबाहरा लाया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता जिले से बाहर की रहने वाली है। उसकी लिखित शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 376(2)(ज), 376(2)(एन) और 376(2)(एम) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। मामले को संवेदनशील मानते हुए पुलिस विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

नरेंद्र नयन शास्त्री कथावाचन और ज्योतिष संबंधी कार्यक्रमों के लिए जाने जाते हैं। स्थानीय स्तर पर उन्हें ‘चावल देखकर भविष्य बताने वाले बाबा’ और ‘चायवाले बाबा’ के नाम से भी पहचान मिली हुई है।

महासमुंद पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके निवास क्षेत्र सिलियारी से गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की सार्वजनिक पहचान और लोकप्रियता को देखते हुए मामले की जांच पूरी संवेदनशीलता और कानूनी प्रक्रिया के तहत की जा रही है। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।