गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में प्रोफेसर की मौत, गाना गाने के बाद आया हार्ट अटैक

गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में प्रोफेसर की मौत, गाना गाने के बाद आया हार्ट अटैक

बिलासपुर। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान छात्र कल्याण अधिष्ठाता (डीएसडब्ल्यू) प्रो. शैलेंद्र कुमार सिंह की हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना के बाद कार्यक्रम को तत्काल रोक दिया गया और विश्वविद्यालय परिसर में शोक का माहौल छा गया।

जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आलोक चक्रवाल के पांच वर्षीय कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर एक समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कई प्राध्यापक, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। इसी दौरान प्रो. शैलेंद्र कुमार सिंह ने मंच पर गीत भी प्रस्तुत किया।

बताया जा रहा है कि गाना गाने के कुछ देर बाद उन्होंने असहज महसूस होने की बात कही और बाथरूम चले गए। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर अन्य लोगों ने उन्हें देखने पहुंचे, जहां वे बाथरूम में गिरे हुए मिले।

मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उनकी स्थिति की जांच की और चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनकी मृत्यु हार्ट अटैक आने से हुई है। हालांकि, मृत्यु के कारणों की आधिकारिक पुष्टि चिकित्सकीय जांच के बाद ही होगी।

घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने कार्यक्रम को तत्काल स्थगित कर दिया। प्रो. शैलेंद्र कुमार सिंह के आकस्मिक निधन से विश्वविद्यालय परिवार में शोक की लहर है। सहकर्मियों और विद्यार्थियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।