दुर्ग में तेज रफ्तार कार ने मचाया कहर, 2 युवकों की मौत; नशे में था आरोपी चालक

दुर्ग में तेज रफ्तार कार ने मचाया कहर, 2 युवकों की मौत; नशे में था आरोपी चालक

दुर्ग। दुर्ग के सुपेला थाना क्षेत्र स्थित चंद्रा मौर्य चौक में रविवार दोपहर तेज रफ्तार कार ने रेड सिग्नल पर खड़े दोपहिया वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, हादसा रविवार दोपहर करीब 2:38 बजे हुआ। काले रंग की फोर्ड इकोस्पोर्ट कार (CG-07-BR-0571) चालक सागर जायसवाल दुर्ग से रायपुर की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार तेज रफ्तार में थी और चालक ने रेड सिग्नल की अनदेखी करते हुए सिग्नल पर खड़े वाहनों को पीछे से टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी और बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में नूर खान और मनोहर कुमार गोनाडे की मौत हो गई, जबकि सलीम अली गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका इलाज एक निजी अस्पताल में जारी है और हालत नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 16 वर्षीय नूर खान सुपेला के साक्षरता चौक का निवासी था। वह पिछले कुछ दिनों से अपने मौसा सलीम अली के साथ एसी रिपेयरिंग का काम सीखने जा रहा था। रविवार को भी वह मौसा के साथ स्कूटी से निकला था, तभी हादसा हो गया।

जांच में सामने आया है कि आरोपी चालक नशे की हालत में कार चला रहा था। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ पहले से भी नशे के कारोबार और नशा करने से जुड़े मामले दर्ज हैं। आरोपी को पहले वैशाली नगर थाना क्षेत्र में चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा मोहन नगर थाना में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत भी मामला दर्ज है।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।