नेहरू पार्क में युवती पर चाकू से हमला, इलाज के लिए ले जाते समय मौत; आरोपी गिरफ्तार

नेहरू पार्क में युवती पर चाकू से हमला, इलाज के लिए ले जाते समय मौत; आरोपी गिरफ्तार

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में रविवार को नेहरू पार्क में एक युवती पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवती को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हालांकि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद फरार आरोपी युवक को पुलिस ने कुछ घंटों के भीतर जंगल से गिरफ्तार कर लिया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, रितेश राजवाड़े और राधिका राजवाड़े के बीच प्रेम संबंध था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रितेश को राधिका के किसी अन्य युवक से बातचीत करने को लेकर संदेह था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और आरोप है कि रितेश ने चाकू से राधिका के गले पर कई वार कर दिए।

हमले के बाद गंभीर रूप से घायल राधिका जान बचाने के लिए पार्क में कुछ दूर तक दौड़ी, लेकिन बाद में गिर गई। घटना से पार्क में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू की। पार्क और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही मौके से भौतिक साक्ष्य जुटाए गए। तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी रही।

वारदात के कुछ ही घंटों बाद पुलिस ने आरोपी रितेश राजवाड़े को जंगल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने प्रेम संबंध और युवती के दूसरे युवक से बातचीत करने को लेकर नाराजगी की बात बताई है। हालांकि वारदात के पीछे की परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है।

पुलिस आरोपी से पूछताछ के साथ घटना में इस्तेमाल हथियार और अन्य साक्ष्य जुटा रही है। मामले में हत्या समेत संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।