बिरयानी के पैसे मांगना पड़ा महंगा: होटल मैनेजर पर बीयर की बोतल से हमला, CCTV के आधार पर आरोपियों की तलाश

बिरयानी के पैसे मांगना पड़ा महंगा: होटल मैनेजर पर बीयर की बोतल से हमला, CCTV के आधार पर आरोपियों की तलाश

रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडरी इलाके में बिरयानी का भुगतान मांगने पर होटल मैनेजर पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवक बिना पैसे दिए बिरयानी लेकर जाने लगे। विरोध करने पर उन्होंने होटल मैनेजर के साथ मारपीट की और बीयर की बोतल से उसके सिर पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मैनेजर का उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, घटना पंडरी स्थित मद्रासी बाइट पॉइंट बिरयानी सेंटर की है। बताया जा रहा है कि कुछ युवक होटल से बिरयानी लेने के बाद बिना भुगतान किए वहां से जाने लगे। जब होटल मैनेजर ने उनसे पैसे मांगे तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

विवाद बढ़ते ही किया हमला

देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया। आरोपियों ने मैनेजर के साथ मारपीट शुरू कर दी और बीयर की बोतल से उसके सिर पर वार कर दिया। हमले में मैनेजर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

CCTV फुटेज के आधार पर जांच

घटना की सूचना मिलने पर देवेंद्र नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। मामले की जांच जारी है।