ज्वेलरी कारोबारी से बड़ी उठाईगिरी, करीब 1 करोड़ के जेवरात से भरा बैग लेकर फरार हुआ बदमाश
सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सीतापुर में दिनदहाड़े उठाईगिरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाश ज्वेलरी दुकान संचालक का सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग लेकर फरार हो गया। बैग में रखे जेवरात की कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पूरी घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, घटना रविवार सुबह करीब 11:25 बजे की है। काशी विश्वनाथ ज्वैलर्स के संचालक अरुण देव रोजाना की तरह अपनी दुकान खोलने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि दुकान खोलने के दौरान उन्होंने सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग अपनी स्कूटी के पास रखा था। इसी दौरान मौके की तलाश में मौजूद अज्ञात बदमाश ने बैग उठा लिया और वहां से फरार हो गया।
काशी विश्वनाथ ज्वैलर्स की दुकान सीतापुर-अंबिकापुर मुख्य मार्ग NH-43 पर हाई स्कूल के पास स्थित है। व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद स्थानीय व्यापारियों और लोगों में हड़कंप मच गया।
सीसीटीवी में कैद हुआ संदिग्ध
दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति जेवरात से भरा बैग लेकर जाते दिखाई दे रहा है। वारदात की जानकारी मिलने के बाद सीतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालना शुरू कर दिया है। संदिग्ध के आने-जाने के रास्तों और उसकी पहचान से जुड़े सुराग जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपी की तलाश में जुटी है।

admin 




