राजधानी में दिनदहाड़े 10 लाख की लूट, गैस एजेंसी सुपरवाइजर को बनाया निशाना; पुलिस अलर्ट मोड पर

राजधानी में दिनदहाड़े 10 लाख की लूट, गैस एजेंसी सुपरवाइजर को बनाया निशाना; पुलिस अलर्ट मोड पर

रायपुर। राजधानी में दिनदहाड़े करीब 10 लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बदमाशों ने एक गैस एजेंसी के सुपरवाइजर से नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। घटना ऐसे समय हुई जब पुलिस कमिश्नर कंट्रोल रूम में कानून-व्यवस्था को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र के डंगनिया इलाके का है। जानकारी के अनुसार, टाटीबंध स्थित एचपी गैस एजेंसी के सुपरवाइजर श्रवण साहू को एजेंसी संचालक ने अग्रसेन चौक स्थित एक पार्टी से भुगतान की राशि लेने भेजा था। श्रवण करीब 10 लाख रुपये लेकर कार से वापस टाटीबंध लौट रहे थे।

इसी दौरान एजेंसी को एक उपभोक्ता की ओर से गैस लीकेज की शिकायत मिली। संचालक ने श्रवण को ग्राहक का लोकेशन भेजकर रास्ते में समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। श्रवण बताए गए पते पर डंगनिया बाजार के पास पहुंचे और जैसे ही कार से उतरकर नकदी से भरा बैग लेकर आगे बढ़े, बाइक सवार तीन युवक अचानक उनके पास पहुंचे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने कुछ ही सेकंड में श्रवण के हाथ से बैग छीना और मौके से फरार हो गए। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम मौके पर पहुंच गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपियों को नकदी के परिवहन की पहले से जानकारी थी। जिस सटीक तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया, उससे रेकी किए जाने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस अंदरूनी मिलीभगत और सूचना लीक होने के एंगल पर भी जांच कर रही है।

जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कुछ संदिग्ध गतिविधियां कैमरों में कैद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।

डीसीपी वेस्ट संदीप पटेल ने बताया कि डंगनिया क्षेत्र में हुई लूट की घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

फिलहाल वारदात के बाद पूरे शहर में नाकेबंदी कर दी गई है और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है।