बस्तर में बारिश का कहर : ओडिशा से संपर्क टूटा, पुलिया पर 4 फीट पानी, सड़कों पर लगा जाम

बस्तर में बारिश का कहर : ओडिशा से संपर्क टूटा, पुलिया पर 4 फीट पानी, सड़कों पर लगा जाम

जगदलपुर। बस्तर संभाग में तीन दिन से हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित है। नदी-नाले उफान पर हैं और कई मार्गों पर पानी भर गया है। जगदलपुर से ओडिशा के उमरकोट को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग भी बाढ़ के पानी में डूब गया है। इससे दोनों राज्यों के बीच सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है।

बकावंड क्षेत्र में धनपुर डैम और बगिया नाला के पास पुलिया पर करीब 4 फीट पानी बह रहा है। तेज बहाव के चलते वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। मार्ग बंद होने से सड़क के दोनों ओर ट्रक, बस, कार और दोपहिया वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई यात्री रात से फंसे हुए हैं और उन्हें खाने-पीने की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

यह मार्ग बकावंड और धनपुर होते हुए उमरकोट जाता है और आगे राष्ट्रीय राजमार्ग व भारतमाला कॉरिडोर से जुड़ता है। मार्ग बाधित होने से ओडिशा जाने वाले यात्रियों और मालवाहक वाहनों की परेशानी बढ़ गई है।

*कई गांवों में आवागमन बाधित*

बारिश के कारण बकावंड ब्लॉक की आंतरिक सड़कें भी जलमग्न हैं। कई गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है। खेतों में पानी भरने से फसलों को नुकसान की आशंका है। सुकमा, दंतेवाड़ा और बीजापुर में भी बारिश का व्यापक असर है और कई नदी-नाले उफान पर हैं।

*पुलिस ने जारी की एडवाइजरी*

करपावंड पुलिस ने लोगों से पानी कम होने तक इस मार्ग पर यात्रा नहीं करने और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है। प्रशासन ने नदी-नालों के पास जाने और तेज बहाव वाले पानी को पार करने से बचने की चेतावनी दी है।

धनपुर और बगिया के पास हर साल बारिश में जलभराव होता है। ग्रामीणों ने समस्या के स्थायी समाधान के लिए पुलियाओं को ऊंचा करने की मांग की है।