कांग्रेस की हार पर राहुल गांधी को दी आत्मचिंतन की सलाह,अमित शाह ने कहा- 2029 में एनडीए लगातार चौथी बार हराएगा

कांग्रेस की हार पर राहुल गांधी को दी आत्मचिंतन की सलाह,अमित शाह ने कहा- 2029 में एनडीए लगातार चौथी बार हराएगा

गुजरात निकाय चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत, अमित शाह बोले- मोदी के साथ चट्टान की तरह खड़ी है जनता

गांधीनगर। गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की बड़ी जीत के बाद केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा है। शाह ने दावा किया कि गुजरात में तीन नगर निकायों के चुनाव में कुल 104 सीटों में से भाजपा ने 90 सीटों पर जीत दर्ज की है। इनमें गांधीनगर नगर निगम की 44 सीटों में से भाजपा को 38 सीटें मिली हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने 32 सीटों पर चुनाव लड़ा, लेकिन सभी सीटों पर उसके उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई।

अमित शाह ने चुनाव परिणामों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के प्रति जनता के भरोसे का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि गुजरात का मतदाता आज भी मोदी के साथ चट्टान की तरह खड़ा है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि 41 साल बाद भी कांग्रेस एक भी चुनाव नहीं जीत पाई है।

 SIR पर सवाल उठाने के लिए राहुल गांधी को घेरा

अमित शाह ने राहुल गांधी पर चुनावी हार के लिए SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) को जिम्मेदार ठहराने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें आत्मनिरीक्षण करना चाहिए। शाह ने सवाल किया कि क्या भाजपा की लोकप्रियता और मोदी के प्रति जनता का समर्थन भी SIR का परिणाम है? उन्होंने कहा कि हर हार के लिए चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने के बजाय कांग्रेस को जनता के बीच अपनी स्वीकार्यता पर विचार करना चाहिए।

दूसरे राज्यों के चुनाव परिणामों का भी किया जिक्र

शाह ने गुजरात, राजस्थान, त्रिपुरा सहित अन्य राज्यों में स्थानीय निकाय चुनावों और उपचुनावों में भाजपा व NDA को मिली सफलता का उल्लेख किया। उन्होंने पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और पुडुचेरी के उपचुनावों का जिक्र करते हुए दावा किया कि कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली। शाह ने कहा कि जनता का विश्वास आरोपों और प्रचार से नहीं, बल्कि जनसंपर्क और जनसेवा से हासिल होता है।

2029 में NDA की जीत का दावा

अमित शाह ने राहुल गांधी पर SIR के बहाने घुसपैठियों को बचाने की रणनीति अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश की जनता कांग्रेस की इस राजनीति को समझ चुकी है और अब उसके झांसे में नहीं आएगी।

शाह ने दावा किया कि 2029 के लोकसभा चुनाव में NDA प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में लौटेगा और कांग्रेस को लगातार चौथी बार हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने भाजपा और NDA को समर्थन देने के लिए मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा और NDA के साथ है।