पंजाब से बिलासपुर पहुंचा 2.50 लाख रुपये का हेरोइन चिट्टा, आरोपी गिरफ्तार

पंजाब से बिलासपुर पहुंचा 2.50 लाख रुपये का हेरोइन चिट्टा, आरोपी गिरफ्तार

अमृतसर से नशीला पदार्थ लाकर स्थानीय ग्राहकों को बेचने की फिराक में था आरोपी, 11.73 ग्राम हेरोइन और 10,500 रुपये नकद जब्त

बिलासपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एसीसीयू और सकरी पुलिस की संयुक्त टीम ने उसलापुर बाजार के पास एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पंजाब के अमृतसर से हेरोइन चिट्टा लेकर बिलासपुर पहुंचा था और उसे स्थानीय ग्राहकों को बेचने की फिराक में था। उसके कब्जे से 11.73 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने 10,500 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।

मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, त्योहारों को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और जांच अभियान तेज करने के निर्देश दिए थे। इसी दौरान 24 अक्टूबर को एसीसीयू की टीम को सूचना मिली कि एक व्यक्ति उसलापुर बाजार के आसपास हेरोइन बेचने की कोशिश कर रहा है।

सूचना से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह को अवगत कराया गया। उनके मार्गदर्शन में सकरी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, नारकोटिक्स एक्ट के अनिवार्य प्रावधानों का पालन करते हुए वैज्ञानिक अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी ली गई। इस दौरान संदिग्ध के पास से पारदर्शी जिपर पॉलीथिन में रखी 11.73 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

अमृतसर से लाकर बेचने की तैयारी

पुलिस ने आरोपी की पहचान दीपक वालिया, पिता कमलजीत सिंह वालिया के रूप में की है। वह मूल रूप से सुभाष कॉलोनी, थाना बी डिवीजन, अमृतसर का निवासी है और वर्तमान में उसलापुर स्थित वास्तु शिखर अपार्टमेंट में रह रहा था।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अमृतसर से हेरोइन खरीदकर बिलासपुर लाने और यहां ग्राहकों को अधिक कीमत पर बेचने की बात स्वीकार की। उसने कथित तौर पर मादक पदार्थ की छोटी छोटी पुड़िया बनाकर बेचने की तैयारी की थी।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सकरी थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) और 22(बी) के तहत अपराध दर्ज किया है। उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। मामले में पुलिस की वैधानिक कार्रवाई जारी है।