साइबर ठगी की रकम खपाने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, म्यूल बैंक अकाउंट का कर रहे थे इस्तेमाल

साइबर ठगी की रकम खपाने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, म्यूल बैंक अकाउंट का कर रहे थे इस्तेमाल

बलौदाबाजार। साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी की रकम को बैंक खातों के जरिए ट्रांसफर करने वाले म्यूल अकाउंट नेटवर्क के खिलाफ बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने कार्रवाई की है। पलारी पुलिस ने साइबर ठगी की रकम अपने बैंक खातों में ट्रांसफर कराने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। 

पुलिस के मुताबिक, राजस्थान के जयपुर निवासी कैलाशचंद सेन ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ऑनलाइन ठगी के जरिए उनसे 1 लाख 8 हजार 644 रुपये की धोखाधड़ी की गई। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम पलारी स्थित UCO बैंक के एक खाते में ट्रांसफर हुई थी।

साइबर पोर्टल से मिली शिकायत के आधार पर पुलिस ने बैंक से खाते की जानकारी और स्टेटमेंट हासिल किया। जांच में पता चला कि खिलेंद्र वर्मा के खाते में 1 लाख 8 हजार 644 रुपये का संदिग्ध लेनदेन हुआ था। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में खिलेंद्र वर्मा ने पुलिस को बताया कि रायपुर निवासी दीपेश मल्होत्रा ने उसे बैंक खाता खुलवाकर अवैध तरीके से पैसे कमाने का लालच दिया था। आरोप है कि इसके बदले उसे कमीशन दिया जाता था, जबकि बैंक खाते, ATM कार्ड और उससे जुड़े सिम कार्ड का संचालन दीपेश मल्होत्रा करता था।

जांच में पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि इन बैंक खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन गेमिंग समेत अन्य अवैध गतिविधियों से जुड़ी रकम को ट्रांसफर और लेनदेन करने के लिए किया जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पैन कार्ड की कॉपी समेत अन्य दस्तावेज भी जब्त किए हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को 4 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की गई। मामले में शामिल एक अन्य फरार आरोपी की तलाश पुलिस कर रही है।