रायपुर की बंद फैक्ट्री में डकैती का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार,बाकी की तलाश कर रही पुलिस

रायपुर की बंद फैक्ट्री में डकैती का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार,बाकी की तलाश कर रही पुलिस

रायपुर। हीरापुर स्थित अमरनाथ इस्पात की बंद फैक्ट्री में चौकीदार को बंधक बनाकर डकैती करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 17 लाख रुपए का सामान और वारदात में इस्तेमाल टाटा एस, स्कूटी, कटर व ड्रिल मशीन जब्त की गई है। वारदात में शामिल अन्य आरोपी फरार हैं।

घटना 22 अक्टूबर की रात करीब 1:30 बजे की है। फैक्ट्री में तैनात चौकीदार दिलीप कुमार वर्मा को 7-8 बदमाशों ने रस्सी से बांध दिया। इसके बाद ऑफिस और फैक्ट्री से एल्युमिनियम वायर, कॉपर क्वाइल, प्लेट, पैनल कार्ड, हैलोजन लाइट और नकदी समेत अन्य सामान समेट लिया। बदमाश सामान टाटा एस में लादकर फैक्ट्री की दीवार तोड़ते हुए खेत के रास्ते रिंग रोड की ओर भाग निकले।

सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग

एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और कबीर नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान सरोना निवासी संदीप नेताम का सुराग मिला। पुलिस ने उसे पकड़ा तो पूछताछ में उसने साथियों के साथ वारदात करना स्वीकार किया। इसके बाद अजीत भारती और उमेन्द्र ठाकुर उर्फ उमेन को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने वारदात से पहले करीब एक सप्ताह तक फैक्ट्री की रेकी की थी। वे टाटा एस और स्कूटी से पहुंचे और चौकीदार को बंधक बनाकर सामान ले गए।

तीनों पहले भी जेल जा चुके

पुलिस के अनुसार, संदीप नेताम चोरी और मारपीट, उमेन्द्र ठाकुर नकबजनी तथा अजीत भारती प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के मामले में पहले जेल जा चुके हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ कबीर नगर थाने में बीएनएस की धारा 127(2) और 310(2) के तहत केस दर्ज किया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपी

संदीप नेताम (35), अजीत भारती (30), दोनों सरोना निवासी; उमेन्द्र ठाकुर उर्फ उमेन (27), निवासी देवारपारा, सुभाषनगर, तेलीबांधा।