रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र अंतर्गत सारंगढ़ ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड पर बीते 24 अक्टूबर को मिले एक अज्ञात व्यक्ति के शव की गुत्थी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। नशे और बिरयानी खाने के लिए पैसों का जुगाड़ करने की नीयत से लूटपाट करने पहुंचे पांच दोस्तों ने विरोध करने पर एक व्यक्ति की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चार अन्य नाबालिगों को हिरासत में ले लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 24 अक्टूबर की सुबह बस स्टैंड के पास एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक (FSL) टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हत्यात्मक होना स्पष्ट हुआ। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद संदिग्धों की पहचान की, जिसके आधार पर दबिश देकर एक युवक और चार नाबालिगों को दबोच लिया गया।
कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे सभी नशे के आदी हैं और अपनी लत व खानपान की पूर्ति के लिए अक्सर रात के समय बस स्टैंड या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अकेले सोने वाले लोगों को निशाना बनाते थे। घटना की रात भी वे लूटपाट के इरादे से वहां पहुंचे थे, जहां पीड़ित द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपियों ने बटन चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी और उसकी जेब से 700 रुपये लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, रक्तरंजित कपड़े और घटना में प्रयुक्त बाइक जब्त कर ली है तथा उनके खिलाफ संगीन धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।