थाने से लौटने के बाद युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिजनों ने पुलिस पर मारपीट का लगाया आरोप

थाने से लौटने के बाद युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिजनों ने पुलिस पर मारपीट का लगाया आरोप

दुर्ग। पाटन ब्लॉक के रानीतराई थाना क्षेत्र के ग्राम ओदरागहन में बुधवार को युवक पोखन लाल साहू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पत्नी की शिकायत पर पुलिस उसे थाने लेकर गई थी, जहां उसके साथ कथित रूप से मारपीट की गई। इसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान था। हालांकि, पुलिस ने मारपीट के आरोप से अलग मृतक के शराब का आदी होने और परिवार के साथ विवाद की बात कही है।

जानकारी के अनुसार, पोखन लाल साहू शराब पीने का आदी था और आए दिन पत्नी के साथ विवाद करता था। इसी को लेकर उसकी पत्नी केशरी साहू 6 सितंबर को ग्राम कोतवाल और अपने ससुर गिरधर साहू के साथ रानीतराई थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस के मुताबिक, शिकायत के बाद डायल-112 की टीम पोखन लाल को उसके घर से थाने लेकर पहुंची। पुलिस का दावा है कि जवान जब उसे लेने पहुंचे, तब उसके हाथ में हंसिया था और वह पत्नी पर हमला करने के लिए उतारू था। पुलिसकर्मियों ने उसे किसी तरह काबू में लेकर थाने पहुंचाया, जहां समझाइश देने के बाद उसे छोड़ दिया गया।

वहीं, परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि थाने में पोखन लाल के साथ मारपीट की गई थी। मृतक के जीजा श्रीराम साहू ने पुलिस पर ज्यादती का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि थाने से लौटने के बाद पोखन ने लोगों को कथित मारपीट की जानकारी दी थी।

ग्रामीणों के मुताबिक, पोखन लाल ने अगले दिन कुछ लोगों के सामने पुलिस की कथित कार्रवाई से परेशान होने की बात कही थी और आत्महत्या करने की बात भी कही थी। इसके बाद बुधवार को उसने गांव में फांसी लगाकर जान दे दी।

घटना की सूचना ग्राम कोतवाल के माध्यम से पुलिस को मिली। पुलिस ने शव को पाटन ले जाकर पोस्टमार्टम कराया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।