शेयर ट्रेडिंग में 4 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप, युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने वाला आरोपी गिरफ्तार

शेयर ट्रेडिंग में 4 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप, युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने वाला आरोपी गिरफ्तार

राजनांदगांव। शेयर ट्रेडिंग और ‘चटिया-मटिया’ के जरिए रकम दोगुनी करने का झांसा देकर करीब 4 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी करने के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ठगी के बाद आर्थिक दबाव और मानसिक तनाव से परेशान युवक ने आत्मघाती कदम उठाया था।

कोतवाली पुलिस के मुताबिक, कोमल साहू ने 17 अक्टूबर 2025 को मानसिक तनाव के चलते जहर का सेवन कर लिया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मर्ग जांच शुरू की गई। इस दौरान मृतक के पास से एक सुसाइड नोट मिला। पुलिस ने बैंक स्टेटमेंट और मोबाइल डेटा की भी जांच की।

जांच में पुलिस के सामने आया कि आरोपी मोहम्मद अजीज खान ने कोमल साहू को शेयर मार्केट में निवेश और ‘चटिया-मटिया’ के जरिए रकम दोगुनी करने का लालच दिया था। आरोप है कि इसी बहाने उससे करीब 4 करोड़ रुपये की रकम ली गई।

पुलिस के अनुसार, रकम वापस नहीं मिलने और कर्जदाताओं के लगातार दबाव के कारण कोमल साहू मानसिक रूप से परेशान था। इसी तनाव के चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया।

मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस धोखाधड़ी से जुड़े लेनदेन और मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।