केशकाल बाईपास निर्माण तेज,विधायक नीलकंठ टेकाम ने लिया जायजा

केशकाल बाईपास निर्माण तेज,विधायक नीलकंठ टेकाम ने लिया जायजा

विधायक नीलकंठ टेकाम ने लिया जायजा
केशकाल (चैनल इंडिया)। केशकाल घाट पर लगने वाले जाम की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। लंबे समय से प्रतीक्षित केशकाल बाईपास सडक़ का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। विधायक नीलकंठ टेकाम ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। बाईपास सडक़ बनने से भारी वाहनों का दबाव कम होने और आवागमन सुगम होने की उम्मीद है।
विधायक नीलकंठ टेकाम ने सबसे पहले केशकाल घाट के नीचे की ओर चल रहे निर्माण कार्य का पैदल निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने गोल्डी ढाबा के पास से शुरू होकर जंगल के भीतर तक चल रहे निर्माण कार्य की स्थिति देखी। इस दौरान उन्होंने गढ़सिल्यारा बाईपास सडक़ पर तैनात मशीनों और निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे संसाधनों का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के कर्मचारी मौजूद रहे। विधायक ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि परियोजना जल्द पूरी हो सके और क्षेत्र के लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।

केशकाल घाट पर जाम से मिलेगी राहत
केशकाल घाट राष्ट्रीय राजमार्ग-30 का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। यहां वाहनों का दबाव बढऩे के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। इससे यात्रियों, मालवाहक वाहनों और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। खासकर भारी वाहनों की आवाजाही के कारण यातायात प्रभावित होता है। बाईपास सडक़ का निर्माण पूरा होने के बाद भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्ग मिलने की उम्मीद है। इससे केशकाल घाट पर यातायात का दबाव कम होगा और लोगों को आवागमन में सहूलियत मिल सकेगी। साथ ही, यात्रा अधिक सुगम और सुरक्षित होने की संभावना है।
.